PM Modi Assam Visit: गुवाहाटी पहुंचे PM मोदी, कोकराझार दौरा रद्द, जानें क्या है वजह

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

PM Modi Assam Visit: दो दिवसीय दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को असम के गुवाहाटी पहुंच गए हैं. हालांकि, खराब मौसम की वजह से उनके कार्यक्रम में अचानक बदलाव करना पड़ा है. प्रधानमंत्री का आज कोकराझार जाने का कार्यक्रम तय था, लेकिन अब उसे रद्द कर दिया गया है. अधिकारियों के अनुसार, इलाके में खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया. अब पीएम कोकराझार की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन वर्चुअली करेंगे.

असम में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पीएम मोदी का यह दौरा काफी अहम है. पिछले चार महीनों में यह उनकी चौथी असम यात्रा है. इस यात्रा के दौरान वे राज्य में 47,600 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. पीएम के कोकराझार का कार्यक्रम रद्द होने की वजह से वे ‘असम माला 3.0’ योजना की शुरुआत वर्चुअली करेंगे. इस योजना के तहत 900 किलोमीटर से ज्यादा लंबी सड़कों का निर्माण होगा, जिससे राज्यों के बीच संपर्क बेहतर होगा. साथ ही वे बोडोलैंड क्षेत्र में चार फ्लाईओवर और दो पुलों की आधारशिला भी रखेंगे.

पीएम मोदी रेलवे के ढांचे को मजबूत करने के लिए बाशबारी में एक वर्कशॉप की नींव रखेंगे. इसके अलावा, वे तीन नई ट्रेनों- कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस और नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. किसानों के लिए भी बड़ी खबर है, यहीं प्रधानमंत्री देश के 9.3 करोड़ से अधिक किसानों के लिए पीएम-किसान योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे.

गुवाहाटी में प्रधानमंत्री चाय बागान के मजदूरों को जमीन के पट्टे सौंपेंगे, जो उनके अधिकारों के लिए एक बड़ा कदम है. ऊर्जा क्षेत्र में वे कोपिली जलविद्युत परियोजना और उत्तर पूर्व गैस ग्रिड के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे. शनिवार को पीएम मोदी कामाख्या मंदिर के लिए रोपवे परियोजना की नींव रखेंगे और गुवाहाटी में पीएम एकता मॉल का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद वे सिलचर के लिए रवाना होंगे, जहां वे करीब 23,550 करोड़ रुपये की योजनाओं की शुरुआत करेंगे.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version