Yogi Govt Nine Years: यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार को आज (बुधवार) को 9 साल पूरे हो गए हैं. इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की तमाम उपलब्धियां गिनाईं. मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्रधानमंत्री मोदी के विजन को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हम यह सुनिश्चित करते हैं कि योजनाएं जमीनी स्तर पर लागू हों और वे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएं.
हर गांव तक शुद्ध पानी पहुंचने की पहल की गई
सीएम योगी ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत गांव के आखिरी व्यक्ति तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने की पहल की गई है. जल जीवन योजना के कामयाबी से कार्यान्वयन के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल जी ने केंद्र और राज्य सरकार के बीच आज हुए समझौता ज्ञापन कार्यक्रम में भाग लिया.
10 हजार से अधिक गांवों में पहुंचा पानी
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में 1,05,000 से ज्यादा राजस्व गांव हैं, जिनमें से 10 हजार से अधिक गांवों में पाइपलाइन के जरिए पेयजल की सुविधा उपलब्ध है. उत्तर प्रदेश में स्कीम के कार्यान्वयन के साथ हमने यह सुनिश्चित किया है कि सभी एजेंसियां और ठेकेदार काम पूरा होने के बाद 10 साल तक इसके रख-रखाव के लिए जिम्मेदार होंगे.
#WATCH | Lucknow | Uttar Pradesh CM Yogi Adityanath says, "Under the Jal Jeevan Mission (JJM), an initiative has been taken to provide pure drinking water to even the last person in the village. In today's MoU program being done between the Central and State Government for the… pic.twitter.com/qVthKjhmcl
— ANI (@ANI) March 18, 2026
प्रदूषित जल से बढ़ी थीं बीमारियों से मौत की शिकायत
सीएम योगी ने कहा कि 85 हजार से ज्यादा ग्राम पंचायतें ऐसी थीं, जहां पर पेयजल की कोई भी स्कीम नहीं थी. वहां पर हैंडपंप के माध्यम से या फिर तालाबों से या नदियों से जनता जल लेती थी. परिणाम था पर्याप्त जल संसाधन होने के कारण सामान्यतः लोगों को इसकी समस्या नहीं थी, लेकिन प्रदूषित जल के कारण बहुत बार तमाम प्रकार की बीमारियों के कारण असमय मौत की शिकायतों में काफी बढ़ोतरी हुई थी.
मौत के कारणों का AI की मदद से लगाया पता
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं केवल एक उदाहरण दूंगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में पर्याप्त जल संसाधन है, लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश में इन्सेफेलाइटिस से प्रतिवर्ष हजारों मौतें होती थीं. इन हजारों मौतों का परिणाम वहां पर प्रतिवर्ष जब हम लोगों ने इन सभी आंकड़ों को लेकर एआई टूल के माध्यम से इसकी एनालिसिस की तो पता लगा कि खुले में शौच और अशुद्ध पेयजल के कारण ये मौतें हो रही हैं.
हर घर में शौचालय बने
सीएम योगी ने आगे कहा कि आज जल जीवन मिशन के तहत जब उन गांवों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता हुई और हर घर में शौचालय बने, जिन क्षेत्रों में 40 साल में 50 हजार से अधिक मौतें हुई थीं. आज मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि पिछले पांच साल में मौत के आंकड़ों को जीरो तक पहुंचाने में हमें सफलता मिली है और इसका श्रेय मैं प्रधानमंत्री के इस विजन को देता हूं, जिन्होंने स्वच्छ भारत मिशन में हर घर में शौचालय और जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल की इस स्कीम को जारी किया, इसको लागू किया.