हरिद्वार में भावुक हुईं अपर्णा यादव, गंगा में विसर्जित कीं प्रतीक यादव की अस्थियां

उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़ी एक भावुक तस्वीर सामने आई, जब अपर्णा यादव अपने पति प्रतीक यादव की अस्थियां लेकर हरिद्वार पहुंचीं. परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगा में अस्थि विसर्जन किया गया.

जानकारी के अनुसार, परिवार चार्टर्ड विमान से देहरादून पहुंचा, जहां से सड़क मार्ग के जरिए हरिद्वार के चंडी घाट ले जाया गया. घाट पर विशेष पूजा-अर्चना के बाद अपर्णा यादव ने नम आंखों से मां गंगा में अस्थियां विसर्जित कीं. इस दौरान परिवार और करीबी लोग मौजूद रहे.

भावुक दिखीं अपर्णा यादव

अपर्णा परिवार के साथ शनिवार सुबह 9:15 बजे घर से एयरपोर्ट के लिए निकली थीं. लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर बदायूं सांसद आदित्य यादव प्रतीक का अस्थि कलश लेकर अपर्णा से आगे चलते दिखे. साड़ी पहनीं अपर्णा काफी गमगीन पीछे चल रही थीं. दोनों बेटियां प्रथमा और पद्मजा उनके साथ थीं.  प्रो. राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव पूजन सामग्री लेकर निकलते दिखे. अस्थि विसर्जन के दौरान अपर्णा यादव काफी भावुक नजर आईं. गंगा किनारे उन्होंने पूजा की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. घाट पर मौजूद लोगों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की. पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल बेहद गमगीन बना रहा.

सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें

हरिद्वार से सामने आई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. कई लोगों ने पोस्ट शेयर कर श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.

बुधवार को हुआ था प्रतीक का निधन
प्रतीक यादव का लखनऊ में 13 मई को 38 साल की उम्र में निधन हो गया था. अगले दिन 14 मई को उनका अंतिम संस्कार किया गया था. उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने मुखाग्नि दी थी. उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई. वह समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति थे. हिंदू परंपरा के अनुसार अगले दिन फूल चुनने की प्रकिया पूरी की गई.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version