UP: पुण्यतिथि पर याद किए गए अटल बिहारी वाजपेयी, CM योगी किया नमन, कहा- उन्हें हमेशा याद करेगा देश

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Atal Bihari Death Anniversary: अटल बिहारी वाजपेयी की 8वीं पुण्यतिथि पर राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार सुबह लोकभवन पहुंचे. वहां पर पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित किया. इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और प्रदेश की जनता की ओर से अटल बिहारी वाजपेयी के श्रीचरणों में विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.

अटल जी के जीवन का मूल मंत्र हमेशा एक ही रहा, राष्ट्रप्रथम

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी का व्यक्तित्व जितना सरल और सहज था, उनके संकल्प उतने ही मजबूत और अडिग थे. सीएम योगी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के सार्वजनिक जीवन की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में कश्मीर में धारा 370 के विरोध में चले सत्याग्रह से हुई थी. उन्होंने कहा कि अटल जी ने सांसद, विदेश मंत्री, नेता प्रतिपक्ष, भारतीय जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की जिम्मेदारियां निभाईं, लेकिन उनके जीवन का मूल मंत्र हमेशा एक ही रहा, राष्ट्रप्रथम.

पार्टी हित से ऊपर देशहित को रखा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने जरूरत पड़ने पर हमेशा पार्टी हित से ऊपर देशहित को रखा. आपातकाल के दौरान उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया और जनता पार्टी के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने कहा कि चाहे 1962, 1965 या 1971 का युद्ध हो, अटल जी ने एक जिम्मेदार सांसद के रूप में सरकार और देश के साथ खड़े होकर राष्ट्र को मजबूती देने का काम किया.

कारगिल युद्ध में दिखा अटल जी का दृढ़ संकल्प

सीएम योगी ने कहा कि कारगिल संघर्ष के दौरान पूरी दुनिया ने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति को देखा. उन्होंने साफ कहा था कि भारत पर युद्ध थोपा गया है और इसका जवाब दिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ने भारत की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए. परमाणु शक्ति के रूप में भारत की पहचान मजबूत करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा.

अटल जी का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक महान विचारक, कवि और राष्ट्रभक्त थे. उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा. उन्होंने कहा कि अटल जी ने अपने आचरण से साबित किया कि राजनीति सेवा का माध्यम हो सकती है. उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति विश्वास हमेशा याद किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि ऐसे महामानव को देश सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करता रहेगा.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version