आर्थिक तंगी से जूझ रही मशहूर अभिनेत्री, इलाज के लिए बेची अपनी अवॉर्ड्स व ट्रॉफियां, इंडस्ट्री से लेकर फैंस तक भावुक

Mumbai: तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय तक अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाने वाली वेटरन अभिनेत्री पावला श्यामला इन दिनों बेहद आर्थिक संकट के दौर से गुजर रही हैं. अब वह खराब स्वास्थ्य, आर्थिक तंगी और इलाज की परेशानियों से जूझ रही हैं. दावा किया जा रहा है कि अभिनेत्री के पास रोजमर्रा का खर्च चलाने तक के पैसे नहीं थे. इतना ही नहीं इलाज और घर खर्च के लिए उन्हें अपने अवॉर्ड्स और ट्रॉफियां तक बेचनी पड़ी.

2019 में बड़े पर्दे पर दिखाई दी थीं आखिरी बार 

अभिनेत्री पावला श्यामला आखिरी बार साल 2019 में बड़े पर्दे पर दिखाई दी थीं. उनके साथ हुई एक दर्दनाक घटना ने फिल्म इंडस्ट्री और फैंस को भावुक कर दिया है. 15 मई को पावला श्यामला हैदराबाद के कुकटपल्ली इलाके स्थित एक निजी अस्पताल में हार्ट संबंधी बीमारी के इलाज के लिए पहुंची थीं. आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण अस्पताल प्रशासन ने उन्हें भर्ती करने से मना कर दिया.

अस्पताल की ओर से एक कैब की व्यवस्था

इस दौरान उनकी तबीयत लगातार खराब बनी रही. अस्पताल की ओर से उनके लिए एक कैब की व्यवस्था की गई थी लेकिन बाद में कैब ड्राइवर उन्हें सड़क पर ही छोड़कर चला गया. इसके बाद अभिनेत्री काफी देर तक सड़कों पर भटकती नजर आईं. पावला श्यामला बेहद परेशान और असमंजस की हालत में सड़क पर घूमती दिखाई दीं. राहगीरों ने उन्हें पहचान लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और उनकी मदद के लिए आरके फाउंडेशन से संपर्क किया.

सोशल मीडिया पर भी लोगों ने जताई चिंता 

यह घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों ने चिंता जताई और फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों की स्थिति को लेकर सवाल उठने लगे. पिछले दो-तीन वर्षों से आरके फाउंडेशन की ओर से पावला श्यामला का मुफ्त इलाज कराया जा रहा था. फाउंडेशन के डॉ. रामकृष्ण ने बताया कि संस्था में कार्डियोलॉजी की विशेष सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें एडवांस इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेजा गया था.

स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद फिर से फाउंडेशन में शिफ्ट

फिलहाल अभिनेत्री का इलाज एक अन्य अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. डॉक्टरों का कहना है कि स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें फिर से फाउंडेशन में शिफ्ट किया जा सकता है. पावला श्यामला की आर्थिक परेशानियां पहली बार साल 2021 में चर्चा में आई थीं. उस समय फिल्ममेकर जोड़ी राज निदिमोरु और कृष्णा डी के ने सोशल मीडिया के जरिए उनके लिए फंडरेजर शुरू किया था और लोगों से मदद की अपील की थी.

मदद के लिए आगे आए थे  इंडस्ट्री के कई सितारे

मुश्किल वक्त में तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए थे. अभिनेता अल्लू अर्जुन ने हर महीने 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया था. वहीं अभिनेता साईं धरम तेज ने फिल्म जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जरिए एक लाख रुपये की मदद दी थी. एक वीडियो बातचीत के दौरान पावला श्यामला इन मददों को याद कर भावुक हो गई थीं. उन्होंने यह भी बताया था कि चिरंजीवी ने भी मुश्किल समय में उनका साथ दिया था.

लंबे समय से बिस्तर पर हैं श्यामला की बेटी 

फंडरेजर अभियान में यह भी बताया गया था कि पावला श्यामला की बेटी लंबे समय से बिस्तर पर हैं और टीबी जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं. परिवार की जिम्मेदारियों और लगातार बढ़ते इलाज के खर्च ने अभिनेत्री की आर्थिक हालत को और ज्यादा खराब कर दिया. पावला श्यामला ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 1984 में आई तेलुगु फिल्म चैलेंज से की थी. इसके बाद उन्होंने कई चर्चित फिल्मों में काम किया और तेलुगु सिनेमा की लोकप्रिय सपोर्टिंग अभिनेत्रियों में गिनी जाने लगीं. वह खड्गम, आंध्रुडु, बाबा लॉज और गोलीमार जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं.

इसे भी पढ़ें. कनाडा ने माना खालिस्तानी उग्रवाद राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा, नई रिपोर्ट में भारत को भी निशाना बनाने का जिक्र!

More Articles Like This

Exit mobile version