September Rule Change: सितंबर की शुरुआत आम लोगों के बजट के लिहाज से अहम रहने वाली है. हर महीने की तरह 1 सितंबर को भी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां एलपीजी सिलेंडर के नए रेट जारी करेंगी. अगस्त में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती हुई थी, जबकि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम स्थिर रहे थे.
अब सितंबर में घरेलू गैस की कीमतों में किसी भी तरह का बदलाव सीधे आपके घरेलू बजट पर असर डाल सकता है. इसके अलावा सितंबर की शुरुआत में LPG e-KYC, हवाई ईंधन, CNG-PNG, कारों की कीमत और एयरपोर्ट की इमिग्रेशन प्रक्रिया से जुड़े बदलाव भी देखने को मिलेंगे.
LPG e-KYC की आखिरी तारीख
घरेलू एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई बिना किसी परेशानी के जारी रखने के लिए ग्राहकों को 31 अगस्त तक e-KYC की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. IOCL, BPCL और HPCL की ओर से इसकी डेडलाइन बढ़ाई गई थी. अगर ग्राहक तय समय तक e-KYC पूरी नहीं करते हैं, तो 1 सितंबर से सिलेंडर की कीमत या सप्लाई को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
LPG के नए रेट होंगे जारी
हर महीने की शुरुआत में ऑयल मार्केटिंग कंपनियां घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं. ऐसे में 1 सितंबर को भी नए रेट जारी किए जाएंगे. अगस्त में कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कमी की गई थी, जबकि घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ था. अब सितंबर में घरेलू गैस के भाव में बदलाव होता है या नहीं, इस पर उपभोक्ताओं की नजर रहेगी.
ATF और CNG-PNG की कीमतों में भी बदलाव
सितंबर की शुरुआत में एटीएफ यानी एयर टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में भी संशोधन होगा. एटीएफ के दाम में बदलाव का सीधा असर हवाई यात्रा के खर्च पर पड़ सकता है. इसके साथ ही CNG और PNG की कीमतों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. यानी सितंबर की शुरुआत में ईंधन और गैस से जुड़े इन बदलावों का असर सफर से लेकर घर की रसोई तक पड़ सकता है.
टाटा और हुंडई की कारें होंगी महंगी
कार खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए भी सितंबर की शुरुआत अहम है. टाटा मोटर्स ने 1 सितंबर से अपनी कारों और SUV की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है. यह बढ़ोतरी पेट्रोल और डीजल इंजन वाली गाड़ियों के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों पर भी लागू होगी. वहीं, हुंडई ने भी इस साल तीसरी बार अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है. ऐसे में सितंबर से नई कार खरीदने वालों का बजट प्रभावित हो सकता है.
एयरपोर्ट पर बदलेगा इमिग्रेशन का तरीका
विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी सितंबर की शुरुआत में राहत की खबर है. अब इमिग्रेशन प्रक्रिया के दौरान बोर्डिंग पास पर स्टैम्प लगवाने की जरूरत नहीं होगी. यात्री मोबाइल में इलेक्ट्रॉनिक बोर्डिंग पास या उसकी प्रिंटेड कॉपी दिखाकर इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे. इससे एयरपोर्ट पर यात्रियों का समय बचेगा और उन्हें अतिरिक्त परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.

