ऑस्ट्रेलियाई टेनिस स्टार निक किर्गियोस के करियर को बड़ा झटका, कोकीन जांच में मिले पॉजिटिव, हुए सस्पेंड

Canberra: ऑस्ट्रेलियाई टेनिस स्टार निक किर्गियोस के करियर को एक और बड़ा झटका लगा है. पूर्व विंबलडन फाइनलिस्ट किर्गियोस को कोकीन के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रोविजनल तौर पर टेनिस से निलंबित कर दिया गया है. इंटरनेशनल टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (ITIA) ने बुधवार को इस मामले की जानकारी दी. किर्गियोस ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए डोपिंग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने की बात स्वीकार की. उन्होंने माना कि उनसे बहुत बड़ी गलती हुई और उन्होंने अपने कृत्य की पूरी जिम्मेदारी ली.

मल्लोर्का ओपन के दौरान डोपिंग टेस्ट

31 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी निक किर्गियोस का 22 जून को मल्लोर्का ओपन के दौरान डोपिंग टेस्ट किया गया था. बाद में उनके सैंपल में बेंजोइलइक्गोनिन पाया गया, जो शरीर में कोकीन के टूटने से बनने वाला पदार्थ है. इंटरनेशनल टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (ITIA) ने चार अगस्त को किर्गियोस पर अस्थाई निलंबन लगाया. संस्था ने कहा कि किर्गियोस को इस फैसले को चुनौती देने का अधिकार है, हालांकि घोषणा के समय तक उन्होंने इसके खिलाफ अपील नहीं की थी.

यह निलंबन जरूरी वेक-अप कॉल

ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में चोटों के कारण उन्हें मानसिक और शारीरिक तौर पर काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है. किर्गियोस ने कहा कि यह निलंबन उनके लिए जरूरी वेक-अप कॉल है और वह अगले 28 दिनों तक सोशल मीडिया और सार्वजनिक जीवन से दूर रहकर खुद पर ध्यान देंगे. उन्होंने लिखा कि मैं चाहता था कि यह बात सबसे पहले आप मुझसे सुनें. मल्लोर्का में हुए ड्रग टेस्ट में कोकीन के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद मैंने बहुत बड़ी गलती की है और मैं इसकी पूरी जिम्मेदारी लेता हूं.

माफी मांगता हूं जो मुझे फॉलो करते हैं

मैं अपने प्रशंसकों, परिवार, प्रायोजकों और अपने करीबियों से माफी मांगता हूं. सबसे बढ़कर, मैं उन बच्चों से माफी मांगता हूं जो मुझे फॉलो करते हैं. मैं जानता हूं कि इससे कैसा उदाहरण सामने आता है और मैं खुद से बेहद निराश हूं. किर्गियोस ने कहा कि वह कोई बहाना नहीं बनाना चाहते, लेकिन अपने पिछले कुछ वर्षों के बारे में संदर्भ देना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में लगी चोटों ने मुझ पर शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से बहुत असर डाला है. मेरा शरीर वह नहीं कर पा रहा था, जिसकी उम्मीद मेरा दिमाग करता था.

वास्तविकता को स्वीकार करना ज्यादा मुश्किल

अपने करियर के अंत के करीब पहुंचने की वास्तविकता को स्वीकार करना मेरी कल्पना से कहीं ज्यादा मुश्किल रहा है. उन्होंने आगे कहा कि मैं हमेशा कहता रहा हूं कि मैंने टेनिस को नहीं चुना, बल्कि टेनिस ने मुझे चुना. लेकिन जिस चीज को मैंने पूरी जिंदगी जिया है, उसे छोड़ना मेरे लिए सबसे मुश्किल चीजों में से एक है. कई बार मैं खुद को असहाय और अकेला महसूस करता रहा हूं. हालांकि, इनमें से कोई भी बात मेरे किए को सही नहीं ठहराती.

मुझे जागने का मौका दिया

किर्गियोस ने कहा कि यह घटना उनके लिए एक वेक-अप कॉल साबित हुई है. उन्होंने लिखा कि अच्छी बात यह है कि इस घटना ने मुझे जागने का मौका दिया है. अगले 28 दिनों तक मैं सोशल मीडिया और सार्वजनिक जीवन से दूर रहूंगा और खुद को बेहतर करने पर ध्यान दूंगा. उन्होंने लोगों से इस दौरान उनकी और उनके परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की. किर्गियोस ने अंत में कहा कि मुझे माफ कर दीजिए. मैं इस पर काम करूंगा और बेहतर होकर लौटूंगा.

इसे भी पढ़ें. ‘जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा’, बोले- अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, सुरक्षा माहौल की तारीफ की

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version