South Africa: दक्षिण अफ्रीका में रविवार को दो अलग-अलग फायरिंग की घटनाओं में कुल 27 लोगों की मौत हो गई. पहली घटना जोहान्सबर्ग के बाहर एक टाउनशिप में हुई, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं. गोलीबारी के बाद पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है. वहीं केपटाउन में गोलीबारी की एक दूसरी घटना में 10 और लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग जख्मी हुए हैं. घटना में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया.
कानूनी और अवैध दोनों तरह की बंदूकें मौजूद
दक्षिण अफ्रीका में कानूनी और अवैध दोनों तरह की बंदूकें बड़ी संख्या में मौजूद हैं. गैंगों की दुश्मनी और छोटे व्यवसायों के बीच प्रतिस्पर्धा के कारण गोलीबारी आम बात हो गई है. करीब 6.2 करोड़ की आबादी वाले इस देश में हत्या की दर दुनिया में सबसे ऊंची है. यहां हर दिन करीब 60 लोगों की हत्या हो जाती है. पुलिस के मुताबिक वेस्ट रैंड जिले के वेडेला इलाके में एक शराबखाने के बाहर कुछ लोग बैठे हुए थे. अधिकारियों के मुताबिक हमलावरों के पास पिस्तौल और AK-47 राइफलें थीं. गोलीबारी के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए.
बड़े स्तर पर तलाश अभियान शुरू
पुलिस ने हमलावरों को पकड़ने के लिए बड़े स्तर पर तलाश अभियान शुरू किया है. फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी हुई है. पुलिस के मुताबिक जोहान्सबर्ग के पश्चिम में एक बार में 8 बंदूकधारियों ने हमला किया. उन्होंने हमलावर राइफलों से गोलियां चलाईं, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए. यह घटना शनिवार को शाम करीब 7 बजकर 30 मिनट पर हुई. पुलिस ने बताया कि हमलावरों के हाथ में AK-47 राइफलें थीं, उन्होंने कुछ ग्राहकों की तलाशी ली और उनके मोबाइल फोन छीन लिए.
हमले का मकसद अभी पता नहीं चल पाया
इसके बाद वे दो अज्ञात गाड़ियों में भाग गए. उन्होंने भागने से पहले दो गाड़ियों में आग भी लगा दी. पुलिस ने कहा कि हमले का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है. जांच के लिए जासूसों और विशेष इकाइयों की टीम लगाई गई है, जो संदिग्धों को पकड़ने की कोशिश कर रही है. इसी दौरान केप टाउन के पास एक टाउनशिप में एंटरटेनमेंट जोन पर भी गोलीबारी हुई. रविवार सुबह वहां हमलावरों ने 10 लोगों को मार दिया और 11 को घायल कर दिया.
इसे भी पढ़ें. Russia Ukraine War: ‘मशीनी सैनिक’ लेकर आया यूक्रेन, रूस के खिलाफ अब युद्ध के मैदान में उतरेगी Robot Army