नए महीने की नई टेंशन! 1 जून से बदल जाएंगे कई नियम, आपकी जेब पर होगा सीधा असर

Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)
Must Read
Shivam
Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Rules Changing From 1 June: जून महीने की शुरुआत इस बार सिर्फ कैलेंडर की तारीख बदलने तक सीमित नहीं रहने वाली है. 1 जून 2026 से देशभर में कई ऐसे बड़े बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर करोड़ों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और जेब पर पड़ सकता है. बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट, गैस सिलेंडर, पीएफ निकासी, पैन कार्ड, आधार अपडेट और हवाई यात्रा जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में नए नियम लागू होने की संभावना है. ऐसे में अगर आप UPI का इस्तेमाल करते हैं, ATM से कैश निकालते हैं, गैस सिलेंडर बुक कराते हैं या फिर नौकरीपेशा हैं, तो इन बदलावों के बारे में जानना आपके लिए बेहद जरूरी है.

जून का महीना आम लोगों के लिए राहत और झटके दोनों लेकर आ सकता है. एक तरफ UPI पेमेंट को ज्यादा सुरक्षित बनाने की तैयारी है, तो दूसरी तरफ ATM ट्रांजैक्शन महंगे हो सकते हैं. LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव को लेकर भी सस्पेंस बना हुआ है. वहीं प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारियों को PF निकासी में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा आधार अपडेट की मुफ्त सुविधा खत्म होने वाली है और कार खरीदने वालों को ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है. आइए जानते हैं 1 जून से लागू होने वाले उन बड़े बदलावों के बारे में, जिनका असर सीधे आपकी जेब पर पड़ सकता है.

UPI पेमेंट का नया नियम

1 जून से यूपीआई ट्रांजैक्शन से जुड़े नियम में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. अगर आप किसी को भी यूपीआई से पैसे ट्रांसफर करेंगे, तो उसका असली बैंक रजिस्टर्ड नाम स्क्रीन पर दिखाई देगा. माना जा रहा है कि नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने यूपीआई फ्रॉड को रोकने और गलत खाते में पैसे भेजने की घटनाओं को कम करने के लिए यह कदम उठाया है. क्यूआर कोड स्कैन करते ही या मोबाइल नंबर डालते ही यूजर को सामने वाले व्यक्ति की सही पहचान दिखाई दे सकेगी.

ATM से कैश निकालना पड़ सकता है महंगा

1 जून से कई बैंक अपने ATM ट्रांजैक्शन नियमों में बदलाव कर सकते हैं. दूसरे बैंक के ATM से मुफ्त लेन-देन की सीमा कम की जा सकती है. इसका असर उन लोगों पर ज्यादा पड़ सकता है जो बार-बार नकदी निकालते हैं या बैलेंस चेक और मिनी स्टेटमेंट जैसी सेवाओं का उपयोग करते हैं. तय सीमा पार होने के बाद ग्राहकों को अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है.

LPG सिलेंडर की कीमतों में हो सकता है बदलाव

LPG उपभोक्ताओं की नजर अब 1 जून पर टिकी हुई है. तेल विपणन कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को गैस सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं. पिछले कुछ महीनों से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली है, जबकि घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. सरकार का कहना है कि तेल कंपनियों को हर घरेलू सिलेंडर पर करीब 700 रुपये का नुकसान हो रहा है. ऐसे में इस बार कीमतों में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.

PF निकासी को लेकर मिल सकती है बड़ी सुविधा

प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए जून महीना राहत भरी खबर लेकर आ सकता है. माना जा रहा है कि इस महीने से पीएफ का पैसा यूपीआई के जरिए निकालने की सुविधा शुरू हो सकती है. इसे लेकर EPFO की तरफ से तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और इसकी टेस्टिंग भी पूरी बताई जा चुकी है. सुविधा शुरू होने के बाद कर्मचारी Google Pay, PhonePe और Paytm जैसे ऐप्स के जरिए अपने पीएफ का पैसा सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे.

हुंडई की कारें होंगी महंगी

अगर आप नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो 1 जून से पहले फैसला लेना फायदेमंद हो सकता है. हुंडई मोटर इंडिया ने अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है. कंपनी ने बढ़ती इनपुट कॉस्ट और ऑपरेशनल खर्च का हवाला देते हुए अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट की कीमतों में 12,800 रुपये तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है. नई कीमतें 1 जून से लागू होंगी.

हवाई यात्रा पर भी बढ़ सकता है बोझ

ईरान युद्ध और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर अब विमानन क्षेत्र पर भी दिखाई दे रहा है. विमान ईंधन यानी ATF महंगा होने से एयरलाइंस कंपनियों की लागत बढ़ गई है. एयर इंडिया और इंडिगो 1 जून से घरेलू उड़ानों की संख्या में कटौती करने की तैयारी में हैं. यह कटौती लगभग 90 दिनों तक जारी रह सकती है. ऐसे में आने वाले समय में हवाई यात्रा और महंगी हो सकती है.

PAN कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव

आयकर विभाग भी पैन कार्ड से जुड़े नियमों में बदलाव करने जा रहा है. इसके तहत बड़े वित्तीय लेन-देन पर निगरानी और मजबूत की जाएगी. नए नियम के अनुसार 50,000 रुपये से अधिक नकद जमा करने पर पैन देने की अनिवार्यता हटा दी गई है. वहीं प्रॉपर्टी खरीद में पैन की सीमा 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये कर दी गई है.

मुफ्त आधार अपडेट की सुविधा होगी खत्म

आधार कार्ड धारकों के लिए भी जून का महीना महत्वपूर्ण है. ऑनलाइन आधार अपडेट की मुफ्त सुविधा 14 जून तक ही उपलब्ध रहेगी. इसके बाद नाम, पता या अन्य जानकारी अपडेट कराने के लिए शुल्क देना होगा. नए नियम के मुताबिक ऑनलाइन अपडेट पर 25 रुपये और आधार केंद्र पर जाकर अपडेट कराने पर 50 रुपये तक फीस लग सकती है.

क्यों जरूरी है इन बदलावों की जानकारी?

1 जून से लागू होने वाले ये बदलाव सीधे आम लोगों की जिंदगी को प्रभावित कर सकते हैं. डिजिटल पेमेंट से लेकर बैंकिंग, गैस सिलेंडर, पीएफ, पैन कार्ड और आधार जैसी जरूरी सेवाओं में होने वाले बदलावों की जानकारी पहले से होना जरूरी है ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

ऐसे में जून की शुरुआत से पहले इन सभी नए नियमों को समझ लेना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है, क्योंकि इनका असर सीधे आपकी जेब, बचत और रोजमर्रा के खर्चों पर पड़ने वाला है.

यह भी पढ़े: Fuel Price Update: पेट्रोल-डीजल के ताजा रेट जारी, चेक करें आपके शहर की कीमत

Latest News

लेबनान के ब्यूफोर्ट किले पर 44 साल बाद फहरा इजरायली झंडा, रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने बताया ‘रणनीतिक जीत’

Israel: इजरायल ने काफी लंबी लड़ाई के बाद दक्षिणी लेबनान के नबातियेह शहर के पास मौजूद ब्यूफोर्ट किले पर...

More Articles Like This