LPG Rate Today, 24 July: अगर आपको लगता है कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें अभी भी ज्यादा हैं, तो यह जानकर हैरानी होगी कि इसकी वास्तविक कीमत इससे कहीं अधिक है. सरकार ने संसद में बताया है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचने के बावजूद आम उपभोक्ताओं को राहत दी जा रही है.
जून 2026 में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर पर 700 रुपये से ज्यादा की छिपी हुई सब्सिडी दी गई, जिसके चलते बाजार कीमत 1695 रुपये होने के बावजूद उपभोक्ताओं को सिलेंडर 942 रुपये में मिल रहा है. आखिर सरकार यह राहत कैसे दे रही है और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को कितना अतिरिक्त फायदा मिल रहा है, आइए जानते हैं.
सरकार ने संसद में क्या बताया?
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने संसद में जानकारी देते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट की वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है. इसके बावजूद सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं पर इसका पूरा बोझ नहीं पड़ने दिया. सरकार और सरकारी तेल कंपनियां मिलकर कीमतों के अंतर को वहन कर रही हैं, ताकि लोगों को रसोई गैस किफायती दरों पर मिलती रहे.
कितनी है घरेलू गैस सिलेंडर की असली कीमत?
सरकार के मुताबिक, जून 2026 में अंतरराष्ट्रीय कीमतों के आधार पर 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की बाजार आधारित कीमत 1695 रुपये पहुंच गई थी. हालांकि उपभोक्ताओं को यही सिलेंडर 942 रुपये में मिल रहा है. यानी एक सिलेंडर पर 700 रुपये से ज्यादा की राहत सरकार और सरकारी तेल कंपनियां वहन कर रही हैं, जिससे आम परिवारों के मासिक बजट पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ रहा है.
क्यों बढ़ीं अंतरराष्ट्रीय LPG की कीमतें?
मंत्रालय के अनुसार, पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद LPG के अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क सऊदी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस (Saudi CP) में लगातार तेजी दर्ज की गई. अप्रैल और मई 2026 में यह बढ़कर 780 अमेरिकी डॉलर प्रति मीट्रिक टन हो गया, जबकि जून 2026 में यह 796 अमेरिकी डॉलर प्रति मीट्रिक टन तक पहुंच गया. इसी बढ़ोतरी के आधार पर घरेलू गैस सिलेंडर की बाजार कीमत 1695 रुपये आंकी गई.
तेल कंपनियों को मिला 30,000 करोड़ रुपये का भुगतान
सरकार ने बताया कि घरेलू LPG की कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए कारोबारी वर्ष 2025-26 और 2026-27 के दौरान सरकारी तेल कंपनियों को 30,000 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है. इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम उपभोक्ताओं तक पहुंचने से रोकना है.
उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को कितना फायदा?
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 300 रुपये की डायरेक्ट सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है. इसके अलावा 700 रुपये से ज्यादा की अप्रत्यक्ष राहत भी मिल रही है. यानी कुल मिलाकर उन्हें प्रति सिलेंडर करीब 1000 रुपये तक का फायदा मिल रहा है और उन्हें घरेलू LPG सिलेंडर 642 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है.
आज कितनी है LPG सिलेंडर की कीमत?
24 जुलाई को घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर 942 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 2930 रुपये में मिल रहा है. वहीं मुंबई में घरेलू सिलेंडर की कीमत 941.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 2882 रुपये है. बेंगलुरु में घरेलू LPG सिलेंडर 948.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 3006 रुपये में उपलब्ध है.
यह भी पढ़े: डोनाल्ड ट्रंप ने भारत, चीन समेत 60 देशों पर लगाया नया टैरिफ