अमृतसरः जेल से ड्रग्स और हवाला का खेल, पुलिस ने किया भंडाफोड़, 5.09 करोड़ रुपये बरामद

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

चंडीगढ़: पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने सीमा पार से चल रहे नार्को-टेरर से जुड़े हवाला नेटवर्क का भंडाफोड करते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार किया है. सात आरोपित अभी फरार है. इनमें पांच ड्रग तस्कर,तीन ड्रग हवाला मनी कूरियर और तीन हवाला व्यापारी शामिल हैं. आरोपितों से विभिन्न देशों की 5.09 करोड़ रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है. यह नेटवर्क पाकिस्तानी तस्कर के इशारे पर केंद्रीय जेल अमृतसर से चल रहा था.

डीजीपी गौरव यादव ने बताया

मामले की जानकारी देते हुए डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि पंजाब पुलिस के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से दो महीने कार्रवाई के दौरान यह कामयबी हासिल की है. उन्होंने बताया कि आरोपित हवाला मनी को इधर-उधर करने के लिए बंद पड़े लेटर बाक्सों का इस्तेमाल करते थे.

ड्रग्स और हवाला के इस कारोबार में सेंट्रल जेल अमृतसर में बंद एक कैदी हरभज सिंह उर्फ भेजा की भूमिका भी सामने आई है. यही इस रैकेट का मास्टरमाइंड है. वह जेल के अंदर से पाकिस्तानी ड्रग तस्कर शाहबाज के संपर्क में आया था. एएनटीएफ ने इस नेटवर्क की सैकड़ों-करोड़ों की अवैध संपत्तियों की भी पहचान कर ली है. इन्हें जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.

पाकिस्तान कनेक्शन आया सामने

जांच से सामने आया कि यह नेटवर्क अमृतसर, तरनतारन, फगवाड़ा और पंचकूला तक फैला हुआ है. पाकिस्तान के जिला नरोवाल के गांव बुरेवाल निवासी तस्कर शहबाज अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था. फरवरी 2021 में गिरफ्तार कर उसे सेंट्रल जेल अमृतसर में रखा गया था. यहां पर उसकी मुलाकात हरभज सिंह और हरमनजीत उर्फ हैरी से हुई थी. जेल से छूटने के बाद शहबाज मोबाइल से इन लोगों के संपर्क में रहा और ड्रग्स तस्करी का धंधा चलाता रहा.

हरमनजीत और हरमिंदर ने भी पूछताछ में खुलासा किया कि वे पाकिस्तानी तस्कर शहबाज के निर्देश पर ड्रग मनी जमा करने के लिए फगवाड़ा में शर्मा फारेक्स मनी एक्सचेंजर और फारेक्स एडवाइजर के मालिक अशोक शर्मा की सेवाएं ले रहे थे. अशोक और उसके साथियों से 50.50 लाख रुपये बरामद किए थे.

गिरफ्तार ड्रग तस्करों ये लोग हैं शामिल

गिरफ्तार किए गए ड्रग तस्करों की पहचान अमृतसर के राम तलाई निवासी हरजिंदर सिंह उर्फ अजय (26 वर्ष), गुरु नानक कालोनी निवासी हरमनजीत सिंह उर्फ हैरी (27), अमृतसर के छेहरटा निवासी नारायणगढ़ निवासी सागर (28), अमृतसर के कक्कड़ निवासी हरभजन सिंह (30) उर्फ भेजा और बटाला के हुसनपुरा कलां निवासी लवदीप सिंह (30 वर्ष) उर्फ लाला के रूप में हुई है. ड्रग हवाला मनी कूरियरों में सौरव उर्फ सौरव महाजन (24 वर्ष), तनुश (28) और हरमिंदर सिंह (28 वर्ष) उर्फ हैरी शामिल हैं. तीनों अमृतसर के निवासी हैं. कारोबारियों की पहचान फगवाड़ा स्थित शर्मा फारेक्स मनी चेंजर के मालिक अशोक कुमार शर्मा (60 वर्ष) और उसके साथियों फगवाड़ा के ही राजेश कुमार (50) और अमित बंसल उर्फ सुनील (47 वर्ष) के रूप में हुई है.

बरामद ड्रग मनी में कई देशों की करंसी

अलग-अलग स्थानों से बरामद की गई 5.9 करोड़ की ड्रग मनी में 1.45 करोड़ रुपये की भारतीय करंसी, 2,63,630 यूरो, 7,000 अमेरिकी डालर, 10,020 कनाडाई डालर, 27,500 पाउंड और 285 दिरहम शामिल है. 372 ग्राम सोना भी जब्त किया गया. महिंद्रा एक्स यूवी 300, बीएमडबल्यू, महिंद्रा थार आटोमैटिक और हुंडई आई 10 सहित चार अन्य लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की गई हैं.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version