संभल में बुलडोजर प्रहारः अवैध इमामबाड़े को किया गया ध्वस्त, नोटिस का नहीं मिला था जवाब

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Bulldozer Roars In Sambhal: यूपी के संभल में आज बुलडोजर प्रहार हुआ है. यहां अवैध मजार और इमामबाड़े पर प्रशासन की तरफ से कार्रवाई की गई है. बताया जा रहा है कि संभल में जिस मजार और इमामबाड़े पर बुलडोजर एक्शन हुआ है, वो सरकारी जमीन पर बने थे. नोटिस के बावजूद कोई एक्शन नहीं लिया गया, जिसके बाद प्रशासन अब बुलडोजर से उन्हें जमींदोज कर रहा है. हालांकि, इस बुलडोजर एक्शन से पहले प्रशासन की तरफ से वाद दर्ज कर नोटिस भी जारी की गई थी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने के बाद इस ईदगाह/इमामबाड़े को जमींदोज किया गया है.

बंजर जमीन पर बना था अवैध इमामबाड़ा

दरअसल, संभल के मुकर्रबपुर में ईदगाह/इमामबाड़े पर बुलडोजर एक्शन हुआ है. जानकारी के अनुसार, विवादित भूमि ग्रामसभा की गाटा संख्या-765, रकबा 0.295 हेक्टेयर (करीब साढ़े चार बीघा) पर बंजर भूमि है. इससे पहले 2 जून 2026 को लेखपाल ने रिपोर्ट दी थी कि ग्राम सभा की भूमि पर अवैध इमामबाड़ा और मजार बनी हुई है. लेखपाल की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार धारा-67 के तहत वाद दर्ज किया गया. इसके बाद प्रशासन ने सार्वजनिक सूचना प्रकाशित कर 6 जून 2026 को न्यायालय में पक्ष या आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर दिया.

किसी भी पक्ष ने पेश नहीं किया दावा

प्रशासन के अनुसार, ईदगाह/इमामबाड़े के संबंध में किसी व्यक्ति या पक्ष ने दावा पेश नहीं किया, इसलिए वाद अज्ञात के नाम से दर्ज किया गया. सार्वजनिक प्रकाशन के बाद 12 जून 2026 तक कोई भी पक्ष न तो न्यायालय में उपस्थित हुआ और न ही कोई आपत्ति दाखिल की. इसके बाद 12 जून 2026 को न्यायालय ने ग्राम सभा की बंजर भूमि पर बने मजार और इमामबाड़े को बेदखल करने का आदेश पारित किया. प्रशासन का दावा है कि अब तक इस आदेश के खिलाफ किसी पक्ष ने न पुनर्स्थापना प्रार्थना पत्र दाखिल किया है और न ही कोई अपील की है.

सीएम योगी करेंगे संभल का दौरा

संभल के जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने बताया कि करीब डेढ़ करोड़ रुपए की सरकारी जमीन से अवैध अतिक्रमण हटाया गया है. इस जमीन पर गरीबों को बसाया जाएगा. कोर्ट के जरिए लगातार नोटिस दिए गए, पर्याप्त समय दिया गया और फिर आज मजार और इमामबाड़े को हटाया गया है. उन्होंने कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ का शनिवार को संभल दौरा है. सीएम योगी यहां 550 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकापर्ण करेंगे, जिसमें संभल में बड़े अस्पताल से लेकर आंगनवाड़ी भवन सहित तमाम विकास के काम किए जाएंगे.

Latest News

27 October 2026 Ka Panchang: मंगलवार का पंचांग, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय

Panchang 27 October 2026: 27 अक्टूबर 2026, मंगलवार को कार्तिक कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि है. इस दिन अशून्य...

More Articles Like This

Exit mobile version