Srinagar Encounter: श्रीनगर में मुठभेड़, तीन आतंकी ढेर, ‘ऑपरेशन महादेव’ जारी

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

जम्मू-कश्मीर: अमरनाथ यात्रा के बीच श्रीनगर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है. श्रीनगर के हरवान इलाके में दचिगाम राष्ट्रीय उद्यान के पास सोमवार को आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई. इस मुठभेड़ में तीन आतंकी ढेर हो गए हैं, जबकि दो आतंकियों के घायल होने की खबर है. श्रीनगर स्थित सेना की चिनार कोर ने अपने X हैंडल पर पोस्ट किया, “ऑपरेशन महादेव- लिडवास के सामान्य क्षेत्र में संपर्क स्थापित हो गया है. ऑपरेशन जारी है.”

तलाशी अभियान के दौरान सुनाई दी गोलियों की आवाज

अधिकारियों के मुताबिक, खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने हरवान के मुलनार इलाके में आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया. सुरक्षाकर्मी जब तलाशी अभियान चला रहे थे, तभी कुछ दूरी से दो राउंड गोलियों की आवाज सुनाई दी. उन्होंने बताया कि इलाके में अतिरिक्त बल भेजा गया और आतंकवादियों की तलाश के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया गया. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घेरे गए इलाके में तीन आतंकवादी मारे गए हैं. मुठभेड़ जारी है.

सेना की चिनार कोर ने बताया कि तीन आतंकियों को एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया है, ऑपरेशन अब भी जारी है. मारे गए आतंकियों की पहचान और उनका किस संगठन से संबंध था, इसका पता लगाया जा रहा है.

यह ऑपरेशन उन आतंकियों की तलाश में शुरू किया गया था, जो अप्रैल में पहलगाम हमले में शामिल हो सकते हैं, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी. हाल के खुफिया इनपुट में यह संकेत मिला था कि संदिग्ध आतंकी दाछिगाम की ओर बढ़ सकते हैं.

Latest News

वैभव सूर्यवंशी के टीम में डेब्यू पर बवाल, गौतम गंभीर से पूर्व क्रिकेटर ने पूछा- संजू सैमसन की बलि क्यों चढ़ाई!

New Delhi: वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच 15 साल 99 दिन की उम्र में टीम...

More Articles Like This

Exit mobile version