UP News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से पति-पत्नी के रिश्ते को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. रात को कैटरिंग का काम खत्म कर एक शख्स घर लौटा था, लेकिन उसे शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर बाद उसी घर में उसके साथ ऐसी वारदात होने वाली है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. आरोप है कि पत्नी ने पहले पति के सिर पर डंडे से हमला किया और उसके बेहोश होते ही रस्सियों से चारपाई पर बांध दिया.
इसके बाद उसके अंगूठे में बिजली का तार बांधकर करंट के झटके दिए गए. पति की चीखें सुनकर पड़ोसी पहुंचे और दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. लेकिन पुलिस की शुरुआती जांच में इस हमले के पीछे जो कहानी सामने आई, उसने मामले को और भी सनसनीखेज बना दिया. दावा है कि पत्नी ने टीवी पर आने वाला क्राइम शो देखकर पति को मारने और उसकी मौत को हादसा दिखाने की साजिश रची थी.
कैटरिंग का काम कर घर लौटा था पति
यह मामला फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र के परसदेपुर गांव का बताया जा रहा है. पीड़ित संजीव तिवारी कैटरिंग का काम करते हैं. जानकारी के मुताबिक, वह रात में काम खत्म करने के बाद घर लौटे थे. घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर संजीव और उनकी पत्नी रन्नो के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते दोनों के बीच बहस बढ़ गई. आरोप है कि इसी दौरान रन्नो ने डंडे से संजीव के सिर पर जोरदार हमला कर दिया. हमले के बाद संजीव बेहोश होकर गिर पड़े. इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया.
चारपाई से बांधा, फिर दिया करंट
आरोप है कि संजीव के बेहोश होने के बाद रन्नो ने उन्हें रस्सियों की मदद से चारपाई पर बांध दिया. इसके बाद उनके हाथ-पैर जकड़ दिए गए, ताकि वह खुद को बचा न सकें. बताया जा रहा है कि इसके बाद संजीव के अंगूठे में बिजली का तार बांधकर उन्हें करंट के झटके दिए गए. इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और दर्द से चीखने लगे.
चीखें सुनकर दौड़े पड़ोसी
घर के अंदर से संजीव की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों को किसी अनहोनी का शक हुआ. पड़ोसी तुरंत उनके घर पहुंचे, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था. इसके बाद लोगों ने दरवाजा तोड़ा. अंदर पहुंचने पर संजीव लहूलुहान हालत में चारपाई पर बंधे मिले. उनकी हालत देखकर ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी. इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आई है.
गंभीर हालत में कानपुर रेफर
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल संजीव को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बाद में उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया. हीं पुलिस ने आरोपी पत्नी रन्नो को हिरासत में ले लिया. पीड़ित के भाई की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई.
पुलिस की शुरुआती जांच में चौंकाने वाला दावा
फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के भाई की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है. शुरुआती पूछताछ और जांच में सामने आया कि रन्नो और संजीव के बीच अक्सर विवाद होता था. दावा है कि महिला ने टीवी पर आने वाला क्राइम शो देखकर इस वारदात की योजना बनाई थी.
आरोप है कि वह पति की हत्या करने के बाद मामले को बिजली का करंट लगने से हुई दुर्घटना का रूप देना चाहती थी, ताकि कानून की नजरों से बच सके. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे.
यह भी पढ़े: महाराष्ट्र से दुखद खबरः करंट बना काल, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत