Swine Flu: गौतमबुद्धनगर में स्वाइन फ्लू ने बढ़ाई चिंता, 120 के करीब केस सामने आए, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

Swine Flu: गौतमबुद्धनगर में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है. जिले में अब तक इस संक्रमण के करीब 120 मामले सामने आ चुके हैं. स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं. साथ ही लोगों से संक्रमण से बचने के लिए जरूरी सावधानी बरतने की अपील की गई है. विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे बेवजह भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और व्यक्तिगत स्वच्छता का खास ध्यान रखें. खांसी या छींक आने पर मुंह और नाक को ढकने के साथ ही बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाएं लेने से भी बचने को कहा गया है.

अस्पतालों में बढ़ाई गई तैयारी

स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक मौसम में बदलाव के साथ वायरल संक्रमण का असर भी बढ़ रहा है. इसी को ध्यान में रखते हुए जिले के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट पर रखा गया है. संदिग्ध मरीजों की पहचान से लेकर उनकी जांच और इलाज तक की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

स्वास्थ्य केंद्रों पर जरूरी दवाओं का पर्याप्त इंतजाम रखने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं, अगर किसी मरीज की हालत गंभीर होती है तो उसे तुरंत इलाज मिल सके, इसके लिए 20 बेड का वेंटिलेटर सुविधा वाला ICU भी तैयार रखा गया है. स्वास्थ्य विभाग लगातार अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और दवाओं की स्थिति पर नजर रख रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को इलाज मिलने में किसी तरह की परेशानी न हो.

खांसी-बुखार को हल्के में न लें

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू के लक्षण नजर आने पर घबराने के बजाय डॉक्टर से संपर्क करें. उन्होंने खांसी, गले में खराश, बुखार, शरीर में दर्द, कमजोरी और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को गंभीरता से लेने की बात कही है. उन्होंने खास तौर पर बुजुर्गों, छोटे बच्चों और पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि इन लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए अतिरिक्त सतर्कता की जरूरत है.

संक्रमण से बचने के लिए इन बातों का रखें ध्यान

स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को रोजमर्रा की कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी गई है. खांसते या छींकते समय रुमाल, टिश्यू या कोहनी से मुंह और नाक ढकें. हाथों को साबुन से नियमित रूप से साफ करते रहें और किसी संक्रमित व्यक्ति के बहुत करीब जाने से बचें. इसके अलावा ऐसी जगहों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है जहां अनावश्यक भीड़ हो. घर और आसपास के इलाके में साफ-सफाई बनाए रखना भी जरूरी बताया गया है.

खुद से दवा लेना पड़ सकता है भारी

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को एक और अहम सावधानी बरतने को कहा है. बुखार, सर्दी-जुकाम या दूसरे लक्षण दिखने पर कई लोग मेडिकल स्टोर से दवा लेकर खुद ही इलाज शुरू कर देते हैं. अधिकारियों ने इस तरह खुद से दवा लेने से बचने की सलाह दी है. विभाग के मुताबिक, स्वाइन फ्लू से जुड़े लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर से सलाह लेना चाहिए और चिकित्सकीय परामर्श के बाद ही दवा का सेवन करना चाहिए. समय रहते संक्रमण की पहचान और उचित उपचार मिलने से गंभीर स्थिति से बचने में मदद मिल सकती है.

यह भी पढ़े: बिहारः बेकाबू हुई हाई स्पीड कार, कीर्तन कर रहे लोगों को रौंदा, पांच की मौत, एक की हालत गंभीर

Latest News

Nepal Flash Flood: अचानक आया ऐसा सैलाब कि देखते ही देखते बह गया टिमुरे बाजार, दर्जनों वाहन भी नदी में समाए, 5 जिलों में...

नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में अचानक आए भीषण सैलाब से टिमुरे बाजार, कस्टम नाका, हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स और वाहन प्रभावित हुए हैं. प्रशासन ने 5 जिलों में हाई-रिस्क अलर्ट जारी किया है.

More Articles Like This

Exit mobile version