October Price Hike: अक्टूबर से कौन-कौन सी चीजें हुईं महंगी? एक झटके में बढ़ गए दाम, जानें पूरी लिस्ट

Shivam
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

October Price Hike: अक्टूबर का महीना शुरू होते ही आम लोगों की जेब पर महंगाई का असर देखने को मिल रहा है. त्योहारी सीजन की शुरुआत के बीच कई जरूरी चीजों और सेवाओं की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है. इसका सीधा असर आम लोगों के साथ-साथ कारोबारियों पर भी पड़ सकता है. कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर से लेकर एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF), होम अप्लायंसेज और पासपोर्ट तक की लागत बढ़ गई है. ऐसे में दशहरा, दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान लोगों का खर्च बढ़ सकता है. आइए जानते हैं अक्टूबर की शुरुआत से किन चीजों के लिए अब ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे.

कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ महंगा

सरकारी तेल मार्केटिंग कंपनियों IOC, HPCL और BPCL ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी की है. कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 2,810 रुपये हो गई है. वहीं मुंबई में इसकी कीमत बढ़कर 2,764 रुपये पहुंच गई है. पटना में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में सबसे ज्यादा 71.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. कमर्शियल सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से ढाबों, रेस्टोरेंट, होटल और कैटरिंग जैसे कारोबार में किया जाता है. ऐसे में इसकी कीमत बढ़ने का असर खाने-पीने की चीजों और शादी-ब्याह के दौरान होने वाली कैटरिंग की लागत पर भी पड़ सकता है.

ATF की कीमत में भी बढ़ोतरी

अक्टूबर की शुरुआत में विमानों के लिए इस्तेमाल होने वाला एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF भी महंगा हो गया है. सरकारी तेल कंपनियों ने ATF की कीमत में 16 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है. एयरलाइन कंपनियों के कुल ऑपरेशनल खर्च में ईंधन की बड़ी हिस्सेदारी होती है. ऐसे में विमान ईंधन की कीमत बढ़ने से एयरलाइंस की लागत बढ़ सकती है. त्योहारी सीजन में दशहरा, दिवाली और छठ पूजा के दौरान हवाई यात्रा की मांग बढ़ती है. ऐसे में बढ़ी हुई ईंधन लागत का असर हवाई टिकटों की कीमतों पर पड़ सकता है और यात्रियों को सफर के लिए पहले की तुलना में ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है.

TV, AC, फ्रिज और वॉशिंग मशीन भी महंगे

त्योहारी सीजन में लोग अक्सर टीवी, फ्रिज, एसी और वॉशिंग मशीन जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदते हैं. लेकिन इस बार इन सामानों की खरीदारी के लिए भी लोगों को ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ सकती है. वैश्विक बाजार में कॉपर, स्टील और एल्युमिनियम जैसे कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर होम अप्लायंसेज की लागत पर पड़ा है. इसके चलते कंपनियों ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कीमतों में करीब 5 से 8 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है. इस बढ़ोतरी के बाद स्मार्ट टीवी, स्प्लिट एसी, रेफ्रिजरेटर और वॉशिंग मशीन जैसे उत्पादों के लिए ग्राहकों को करीब 1,200 से 3,500 रुपये तक अतिरिक्त खर्च करने पड़ सकते हैं.

पासपोर्ट बनवाना भी हुआ महंगा

अगर आप नया पासपोर्ट बनवाने की तैयारी कर रहे हैं या अपना पुराना पासपोर्ट रिन्यू कराना चाहते हैं, तो अब आपको इसके लिए ज्यादा भुगतान करना पड़ सकता है. सामान्य श्रेणी के तहत नया पासपोर्ट बनवाने की फीस में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. ऐसे में पासपोर्ट बनवाने या उससे जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने वालों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा.

त्योहारों से पहले बढ़ा खर्च का दबाव

अक्टूबर में त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही कई तरह के खर्च पहले से बढ़ जाते हैं. इसी बीच कमर्शियल सिलेंडर, विमान ईंधन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और पासपोर्ट की कीमतों में हुई बढ़ोतरी से लोगों की जेब पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है. खासकर रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार में कमर्शियल गैस की बढ़ी लागत का असर दिखाई दे सकता है, जबकि हवाई यात्रा करने वालों को ATF की कीमत बढ़ने के कारण टिकट की लागत में बदलाव का सामना करना पड़ सकता है. दूसरी ओर, त्योहारी खरीदारी के दौरान टीवी, एसी, फ्रिज और वॉशिंग मशीन जैसे होम अप्लायंसेज खरीदने वालों को भी पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है.

Latest News

Earthquake: भूकंप के झटकों से कांपी इंडोनेशिया की धरती, लोग घरों से बाहर निकले, जाने कितनी रही तीव्रता

Indonesia Earthquake: रविवार सुबह भूकंप के झटकों से इंडोनेशिया की धरती कांप उठी. भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर...

More Articles Like This

Exit mobile version