जम्मू-कश्मीरः खतरे के निशान के पार पहुंची झेलम नदी, इन जिलों में बाढ़ की चेतावनी

Ved Prakash Sharma
Reporter The Printlines (Part of Bharat Express News Network)

जम्मू-कश्मीरः भारी बारिश के कारण जम्मू-कश्मीर में झेलम नदी सहित कई नदी और नाले पूरी तरह से उफान पर हैं. झेलम नदी अनंतनाग और पंपोर के संगम पर खतरे के निशान से ऊपर चली गई है. इसको देखते हुए अधिकारियों ने बाढ़ की चेतावनी जारी करते हुए लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी है.

अधिकारियों ने बताया

अधिकारियों ने बताया कि झेलम नदी का जलस्तर 25 फीट को पार कर गया है, जबकि पंपोर में नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे कई निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है. श्रीनगर शहर में, राम मुंशीबाग में नदी का जलस्तर 18 फीट के चेतावनी निशान के करीब पहुंच गया है. जम्मू में मंगलवार शाम से हो रही बारिश ने बाढ़ जैसी स्थिति पैदा कर दी है. प्रशासन ने बाढ़ की चेतावनी जारी की है और लोगों को किसी भी जलाशय के पास न जाने की अपील की है.

संवेदनशील इलाकों में आपातकालीन हेल्पलाइन सक्रिय

भारी बारिश की वजह से पुलवामा, शोपियां और कुलगाम सहित दक्षिण कश्मीर के कई जिलों में बाढ़ आ गई है. पुलिस और आपदा प्रबंधन टीमों ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है, जबकि संवेदनशील इलाकों में आपातकालीन हेल्पलाइन सक्रिय कर दी गई हैं.

घर गिरने से मां-बेटी की मौत, गरखल गांव में कई लोग फंसे

भारी बारिश के बाद राजौरी के सुंदरबनी में एक घर गिरने से एक महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई. अखनूर में चिनाब नदी का जलस्तर निकासी स्तर से 4 फीट ऊपर उठने के बाद गरखल गांव में कम से कम 40 लोग फंस गए. उन्हें निकालने के लिए एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें भेजी गई हैं. एक अन्य घटना में पक्का डांगा इलाके के काली झानी मोहल्ले में एक पुराना घर गिर गया, जिसमें घर के अंदर फंसे लोगों को निकाला जा रहा है.

सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के मुताबिक

सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के मुताबिक, क्षेत्र में जल स्तर बढ़ रहा है और अगर बारिश जारी रही तो जलस्तर में और वृद्धि होगी. विभाग ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों से सतर्क रहने और आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध है. बाढ़ ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी तुरंत अपने पदों पर रिपोर्ट करें.

Latest News

Iran Israel War: तुर्की में नाटो के बेस पर ईरानी अटैक, यहां बड़ी संख्या में परमाणु बम होने का अनुमान

Iran Israel War: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच मिडिल ईस्ट में जंग बढ़ती ही जा रही है. ईरान ने...

More Articles Like This

Exit mobile version