Monsoon Health Tips: मानसून का मौसम अपने साथ ठंडी फुहारें और हरियाली तो लेकर आता है, लेकिन इसी मौसम में संक्रमण और कई तरह की बीमारियों का खतरा भी काफी बढ़ जाता है. बारिश के दौरान बढ़ी हुई नमी, गंदगी और पानी भरने की समस्या के कारण फंगल इंफेक्शन, वायरल बुखार, डेंगू, मलेरिया और पेट से जुड़ी बीमारियां तेजी से फैल सकती हैं. ऐसे में अगर रोजमर्रा की कुछ छोटी-छोटी आदतों पर ध्यान दिया जाए, तो इन मौसमी बीमारियों से काफी हद तक बचा जा सकता है. इसी को देखते हुए आयुष मंत्रालय ने लोगों के लिए हेल्थ एडवाइजरी जारी की है और मानसून के दौरान स्वच्छता और सतर्कता बरतने की सलाह दी है.
आयुष मंत्रालय ने X पर क्या कहा?
आयुष मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी पोस्ट में लिखा, “स्वस्थ मानसून (बरसात) की शुरुआत अच्छी स्वच्छता की आदतों से होती है. रोजमर्रा की छोटी-छोटी सावधानियां आपको मौसम में होने वाले संक्रमणों से बचाने और आपके स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में बड़ी मदद कर सकती हैं.”
सही तरीके से हाथ धोने की दी सलाह
आयुष मंत्रालय ने अपनी एडवाइजरी में सबसे पहले नियमित रूप से हाथ धोने पर जोर दिया है. मंत्रालय के अनुसार, केवल हाथ धोना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सही तरीके से हाथ साफ करना भी जरूरी है. इसके लिए सुमन-के (SUMAN-K) तरीके से हाथ धोने की सलाह दी गई है, जिसमें छह चरण शामिल हैं.
- एस (सीधा)
- यू (उल्टा)
- एम (मुट्ठी)
- ए (अंगूठा)
- एन (नाखून)
- के (कलाई)
यह तरीका हाथों को पूरी तरह साफ करने में मदद करता है और कीटाणुओं व संक्रमण से बचाव करता है.
बारिश में भीगने के बाद तुरंत बदलें कपड़े
बारिश में भीगने के बाद गीले कपड़े लंबे समय तक पहनकर नहीं रखने चाहिए. इससे त्वचा पर नमी बनी रहती है और खुजली, रैशेज व फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए बारिश में भीगने के बाद जल्द से जल्द सूखे कपड़े पहनने की सलाह दी गई है.
पैरों को रखें साफ और सूखा
मानसून के दौरान पैरों की सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए. लंबे समय तक गीले जूते या मोजे पहनने से फंगल संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए रोज साफ और सूखे मोजे पहनें और पैरों को अच्छी तरह साफ रखें.
घर के आसपास पानी जमा न होने दें
आयुष मंत्रालय ने लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी है. बारिश का पानी जमा होने से मच्छर पनपते हैं, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. इसके अलावा घर और कमरों में पर्याप्त हवा का आवागमन बनाए रखने की भी सलाह दी गई है.
बीमारी के लक्षण दिखें तो डॉक्टर से करें संपर्क
अगर बारिश के मौसम में स्किन इंफेक्शन, तेज बुखार, उल्टी या किसी भी तरह की अन्य शारीरिक समस्या महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें. बिना चिकित्सकीय सलाह के खुद दवा लेने से बचें, क्योंकि इससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं.
यह भी पढ़े: जो विष पीने को तैयार है वही कर सकता है ईश्वर की प्राप्ति: दिव्य मोरारी बापू